Explore

Search
Close this search box.

Search

Saturday, July 27, 2024, 12:13 pm

Saturday, July 27, 2024, 12:13 pm

Search
Close this search box.

हाथी की तरह कांग्रेस के खाने के दांत और, दिखाने के और-डॉ. मोहन यादव

डॉ. मोहन यादव
Share This Post

लगातार आगे बढ़ रहा भाजपा का अश्वमेघ का घोड़ा, इस बार छिंदवाड़ा भी जीतेंगे हम

हाथी की तरह कांग्रेस के खाने के दांत और, दिखाने के और

19 अप्रैल को 6 लोकसभा क्षेत्रों के एक करोड़ मतदाता देंगे भाजपा को आशीर्वाद

कमल का फूल सभी के आशीर्वाद से ही खिलता है
– डॉ. मोहन यादव
जबलपुर, 17/04/2024। लोकतंत्र के इस अश्वमेघ में भाजपा का दिग्विजयी घोड़ा लगातार आगे बढ़ रहा है। भाजपा लगातार विजय की ओर कदम बढ़ा रही है और नए-नए सोपान तय कर रही है। 2014 में हम 27 सीटें, 2019 में 28 सीटें जीते थे। इस बार निश्चित रूप से छिंदवाड़ा में भी कमल खिलने वाला है और हम प्रदेश की सभी 29 सीटों पर जीत हासिल करेंगे। कमल का फूल विजय का तिलक लगाकर रामनवमी को सार्थक करेगा। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को जबलपुर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही।
*मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने जनादेश देंगे एक करोड़ मतदाता*
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज रामनवमी है और मैं मध्यप्रदेश की 8ः30 करोड़ जनता को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। जबलपुर मध्यप्रदेश में पहले चरण के चुनाव का केंद्र बिंदु रहा है। 19 अप्रैल को पहले चरण में प्रदेश की 6 लोकसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से शाम 6.00 बजे तक मतदान होगा। इन सीटों में सीधी, शहडोल, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा और जबलपुर शामिल हैं। लोकतंत्र के इस महायज्ञ में इन छह सीटों के एक करोड़ से अधिक मतदाता श्री नरेंद्र मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए जनादेश प्रदान करेंगे। डॉ. यादव ने कहा कि अभी तक के जो चुनाव हुए, उस दौरान रामलला टेंट में ही विराजमान थे। लेकिन इस बार श्री रामलला अपने भव्य मंदिर में विराजमान हैं और आज रामनवमी पर उनका सूर्य तिलक भी किया गया। रामलला का आज जो जन्मोत्सव मनाया गया, वह सारी दुनिया को सनातन संस्कृति की कीर्ति से आलोकित कर रहा है।
*हमारी चुनावी तैयारियां पूरी*
डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव के लिए अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। हमारी तैयारियों की शुरुआत वॉल पेंटिंग से हुई थी और सभी नेताओं ने इसमें भागीदारी की। कार्यकता्रओं को सशक्त बनाने के लिए संगठन के स्तर पर बूथ कार्यकर्ता और पन्ना प्रभारियों के सम्मेलन हुए। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने अपने चुनावी अभियान की शुरुआत जबलपुर तथा बालाघाट से की थी और जबलपुर में उनका अभूतपूर्व रोड शो हुआ। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे.पी.नड्डा का महाकोशल क्षेत्र में प्रवास हुआ। मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह भी छिंदवाड़ा में थे और उनका रोड शो भी ऐतिहासिक रहा है। डॉ. यादव ने कहा कि चुनावी अभियान के दौरान मैं स्वयं भी 40 से अधिक सभाओं, 30 से अधिक रोड शो और 25 से अधिक कार्यकर्ता सम्मेलनों में शामिल हुआ हूं। डॉ. यादव ने कहा कि विपक्ष हमारे इसडॉ. मोहन यादव अभियान को आक्रामक बता रहा है, लेकिन हमने पूरी विनम्रता के साथ अपनी परंपरा के अनुसार जनता के बीच जाकर अपनी बात रखने का प्रयास किया है।
*कांग्रेस कहीं दिखाई नहीं दी*
डॉ. यादव ने कहा कि प्रचार के इस दौर में कांग्रेस हमारे सामने कहीं भी नहीं टिकी। कहीं दिखाई नहीं दी। लेकिन हम कांग्रेस सहित सारे विपक्षी दलों का आह्वान करते हैं इस लोकतंत्र के यज्ञ में हर एक को आगे बढ़कर अपनी भूमिका निभाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंडला से हमारे प्रत्याशी श्री फग्गनसिंह कुलस्ते हैं, छिंदवाड़ा से श्री विवेक बंटी साहू प्रत्याशी हैं, सीधी से श्री राजेश मिश्रा जी हैं, शहडोल से श्रीमती हिमाद्री सिंह हैं, बालाघाट से श्रीमती भारती हैं और जबलपुर से श्री आशीष दुबे हमारे प्रत्याशी हैं। डॉ. यादव ने कहा कि जबलपुर की धरती लंबे समय से भाजपा को अपना आशीर्वाद देती रही है। पहली बार एक लाख से, फिर 2 लाख से और फिर 5 लाख से भाजपा को जिताकर जबलपुर ने रिकॉर्ड बनाया है। यह अहंकार की बात नहीं, बल्कि जनता के आशीष की बात है और यह जनता के आशीष का ही परिणाम है कि इस बार यहां से आशीष दुबे जी हमारे प्रत्याशी हैं। डॉ. यादव ने कहा कि कमल का फूल सबके आशीष से ही खिलता है। उन्होंने कहा कि मैं सभी छह लोकसभा क्षेत्रों के एक करोड़, तेरह लाख, नौ हजार मतदाताओं से भारतीय जनता पार्टी को आशीर्वाद देने और श्री नरेंद्र मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का आग्रह करता हूं।
*मोदी सरकार ने किये असंभव लगने वाले काम*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज का दिन हिंदुओं के लिए और सौभाग्य का दिन है। लगभग 500 वर्ष बाद आज ऐसी रामनवमी आई है, जब भगवान राम अपने मंदिर में विराजमान हैं। आज हमारा पहले चरण का प्रचार अभियान पूरा हो रहा है, जिसके दौरान हमने प्रधानमंत्री श्री मोदी जी की सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने 2019 से 2024 के अपने कार्यकाल में ऐसे-ऐसे काम किए, जो पिछले 70 सालों में नहीं हुए और जिन्हें पहले असंभव माना जाता था। इस दौरान कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति, तीन तलाक पर रोक और राम मंदिर के निर्माण जैसे काम हुए। इनके लिए विपक्षी नेता कहा करते थे कि अगर ऐसा हुआ, तो खून की नदियां बह जाएंगी, दंगे हो जाएंगे, देश टूट जाएगा। उन्होंने देश के लोकतंत्र को कमजोर करने, लोगों को डराने, भयभीत करने के लगातार प्रयास किए। लेकिन इन सारी आशंकाओं को निर्मूल साबित करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने अपना कार्यकाल पूरा कर लिया है।
*राम का विरोध करने वाले कह रहे ’हम राम के साथ’*
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारे नेता श्री लालकृष्ण आडवाणी जी ने राम मंदिर के मुद्दे पर जनजागरण के लिए सोमनाथ से रथ यात्रा निकाली थी। उस समय इस यात्रा में व्यवधान पैदा करने वाले कह रहे हैं, हम रामजी के साथ हैं। लेकिन देश भूला नहीं है। जनता यह जानती है कि राम मंदिर आंदोलन के दौरान कांग्रेस का रवैया कैसा था? उस समय केंद्र में बैठी कांग्रेस ने हमारी चार चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त कर दिया था। इन चुनी हुई सरकारों को गिराने का पाप कांग्रेस के सिर पर है। आज जब राम मंदिर बन गया है, तो वोटों की फसल काटने के लिए कांग्रेसी कह रहे हैं कि हम राम के साथ हैं। लेकिन देश जानता है कि कांग्रेस के नेताओं ने किस तरह के शपथपत्र कोर्ट में दाखिल किए थे और हिंदू-मुसलमान के बीच खाई पैदा करने का प्रयास किया। डॉ. यादव ने कहा कि मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हिंदू-मुसलमानों ने न सिर्फ शिलान्यास कार्यक्रम में, बल्कि 22 जनवरी के लोकार्पण कार्यक्रम में भी एकजुट होकर भाग लिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 तो हमारे लिए इतना भाग्यशाली रहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी अरब के अबूधाबी में भी मंदिर का लोकार्पण करके आए हैं।
*इस बार समंदर पार पहुंच जाएंगे राहुल गांधी*
डॉ. यादव ने कहा कि राहुल गांधी ने हमारे धर्म को अपमानित किया। वो हमारे युवाओं और नारी शक्ति का मजाक उड़ाते हैं। पिछले चुनाव में उत्तरप्रदेश से बुरी तरह हारकर राहुल गांधी केरल पहुंच गए थे। इस बार देश में जैसी हवा चल रही है, जैसी खबरें आ रही हैं, उन्हें देखकर लगता है कि इस बार के चुनाव में राहुल गांधी समंदर पार पहुंच जाएंगे। डॉ. यादव ने कहा कि घमंडिया गठबंधन की पोल अब खुलने लगी है। सभी को पता है कि राहुल गांधी ने अपनी यात्रा के दौरान जब बंगाल में तीन दिन का कार्यक्रम घोषित किया, तो ममता बनर्जी ने उन्हें सभा के लिए जगह तक उपलब्ध नहीं कराई। आगे चलकर बिहार और झारखंड में घमंडिया गठबंधन का रवैया कैसा रहा, सभी को पता है।
*मोदी जी को रोकने जोर लगा रहा घमंडिया गठबंधन*
डॉ. यादव ने कहा कि घमंडिया गठबंधन के लोग प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को रोकने के लिए असफल प्रयास कर रहे हैं, क्योंकि मोदी जी की सरकार ने नक्सलवाद, आतंकवाद, भ्रष्टाचार, भेदभाव, गरीबी, महंगाई और प्रदूषण आदि को पूरी दमदारी से रोकते हुए देश की जनता का विश्वास जीता है। अभी कुछ दिन पहले मध्यप्रदेश में 42 लाख के इनामी दो नक्सलियों का खात्मा हुआ है। छत्तीसगढ़ में भी हमारी सरकार ने 29 नक्सलियों का सफाया किया है। देश के अंदर नक्सलवाद या किसी प्रकार का आतंकवाद ना पनपने देना, देश की सीमाओं पर जवानों के साथ खड़े रहना, किसानों का मान सम्मान बढ़ाना, चंद्रायन से लेकर गगनयान मिशन तक के लिए वैज्ञानिकों को प्रेरित करना मोदी सरकार की उपलब्धियां रही हैं। दुनिया में भारत की भूमिका बढ़ी है और रूस-यूक्रेन युद्ध हो या फिर हमास-इजराइल युद्ध, मोदी सरकार ने देशवासियों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाला है।
*कांग्रेस ने दिया अंधेरा और भुखमरी*
डॉ. यादव ने कहा कि देश पर 50 साल तक राज करने वाली कांग्रेस ने सड़कों पर गढ्ढे, अंधेरे और भुखमरी के अलावा कुछ नहीं दिया। जबलपुर रेलवे का प्रमुख केंद्र है, लेकिन कांग्रेस की सरकार प्रदेश में रेलवे के लिए सिर्फ डेढ़ सौ करोड़ देती थी। आज मध्यप्रदेश में रेलवे के विस्तार के लिए 15000 करोड़ मिल रहे हैं। वंदे भारत और मेट्रो से लेकर तमाम नई सुविधाएं मिल रही हैं। डॉ. यादव ने कहा कि मोदी जी ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास को चरितार्थ किया है। इसी के बलबूते पर उन्होंने 2047 के विकसित भारत की परिकल्पना की है। सरकार भले ही पांच साल के लिए बने, लेकिन उसके निर्णय 50 साल आगे तक के लिए होते हैं। मुझे प्रसन्नता है कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने अपनी दूरगामी दृष्टि से 80 करोड़ मतदाताओं का ऐसा कवच तैयार किया है, जो भाजपा के आधार को बढ़ा रहा है और आज हर मतदाता बोल रहा है-अबकी बार, 400 पार।
*कांग्रेस के दांत दिखाने के और, खाने के और*
डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार ओबीसी, आदिवासी, दलित, महिलाएं हर वर्ग के लिए जो कहती है, वो करके दिखाती है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कार्यकाल में देश में पहली बार एक आदिवासी बहन राष्ट्रपति बनी हैं। अगर चुनाव की बात करें, तो प्रदेश में 29 में से 6 सीटों पर हमने बहनों को टिकट दिए हैं। कांग्रेस ने केवल एक महिला को उम्मीदवार बनाया है। हाथी की तरह कांग्रेस के दांत खाने के और, दिखाने के और हैं। पहले दादी जी ने राज किया, फिर पिताजी ने किया, फिर माताजी ने रिमोट कंट्रोल से राज किया, लेकिन 55 सालों तक गरीबी दूर नहीं कर पाए। ऊपर से ये कहते हैं कि हम गरीबी एक झटके से दूर कर देंगे। कांग्रेस ने भारतीय संस्कृति को अपमानित करने का कोई मौका नहीं छोड़ा। लेकिन प्रदेश की जनता सब देख रही है।
*भाजपा पर बढ़ा जनता का विश्वास*
डॉ. यादव ने कहा कि बीते 100 दिनों के अंदर मध्यप्रदेश में हमारी सरकार जो-जो काम कर सकती थी, वो हमने किए हैं। हमने पहली कैबिनेट रानी दुर्गावती की नगरी में करके वीरांगना रानी के बलिदान को सम्मान देने का काम किया। हमने धान खरीदी के लिए कहा है कि जैसे ही जुलाई में हमारी सरकार का पूर्ण बजट आएगा इसका बोनस भी हम देंगे। गेहूं खरीदी के लिए भी हम 250 रुपये का बोनस दे रहे हैं। हमने शासन के जो मापदंड हो सकते हैं, उसके अनुसार काम करने का प्रयास किया है। हमने अपना रिपोर्ट कॉर्ड जनता के बीच रखा है और इसीलिए भाजपा पर जनता का विश्वास भी बढ़ा है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने पत्रकार वार्ता से पूर्व जबलपुर लोकसभा का दृष्टि पत्र विमोचन किया। पत्रकार वार्ता में प्रदेश शासन के मंत्री श्री राकेश सिंह, राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा वाल्मिकी, लोकसभा प्रत्याशी श्री आशीष दुबे, प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री अखिलेश जैन, नगर अध्यक्ष श्री प्रभात साहू, ग्रामीण अध्यक्ष श्री सुभाष तिवारी रानू, महापौर श्री जगतबहादुर सिंह अन्नू, विधायक श्री अजय विश्नोई, श्री अशोक रोहाणी, श्री सुशील तिवारी इंदु, श्री अभिलाष पांडे, श्री नीरज सिंह, श्री संतोष बरकड़े, श्री रवि किरण साहू, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्री प्रशांत तिवारी, पैनलिस्ट श्री रविंद्र पचौरी, जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत साहू, सह प्रभारी श्री रवि शर्मा उपस्थित रहे।


Share This Post

Leave a Comment